अमेठी सिटी/जायस। जिले में अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और कम वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ रही है। दिन और रात दोनों समय हो रही कटौती से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत जायस उपखंड के सलोन फीडर के खरौली गांव में रही, जहां ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब 350 उपभोक्ता 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति से वंचित रहे।
खरौली गांव में रविवार से बाधित बिजली सोमवार देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी। ग्रामीण सिराज अहमद ने बताया कि आए दिन की अघोषित कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। प्रदीप कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली न रहने से लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। अवर अभियंता महेश पांडेय ने बताया कि ट्रांसफार्मर की खराबी दूर कर जल्द आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
जिले के अन्य हिस्सों में भी बिजली व्यवस्था लड़खड़ाती रही। जगदीशपुर में सोमवार सुबह से तीन बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव बना रहा। बाजार शुकुल में शाम छह से दस बजे के बीच कई बार कटौती हुई। सेमरौता उपकेंद्र क्षेत्र में रात के समय चार से पांच घंटे तक बिजली गुल रही। मुसाफिरखाना में रविवार रात से सोमवार सुबह तक आपूर्ति बाधित रही, जबकि भादर क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार आपूर्ति होने के बावजूद उपभोक्ता कम वोल्टेज की समस्या से जूझते रहे।
बच्चों की पढ़ाई और मरीजों की बढ़ी परेशानी
फुरसतगंज उपकेंद्र से जुड़े चार फीडरों में रविवार रात 9:45 बजे से 11:45 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई, जबकि बुजुर्गों और मरीजों को उमस भरी गर्मी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ता विजय वर्मा, रमेश कुमार, अनिल तिवारी, अनूप कुमार और संजय सिंह ने नियमित रात्रिकालीन कटौती पर नाराजगी जताई। अवर अभियंता राम अचल गुप्ता ने बताया कि कटौती स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार की जा रही है।