लखनऊ। गोल्फ क्लब चौराहे के पास बुधवार सुबह साधन का इंतजार कर रही लैब टेक्नीशियन की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। अमेठी के मुंशीगंज की कोमल मिश्रा (23) राजधानी में गौतमपल्ली के मार्टिनपुरवा में किराये के मकान में बीते ढाई साल से रह रही थीं। वह गोमतीनगर में सीएमएस के पास एक निजी लैब में टेक्नीशियन थीं।
परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह कोमल ड्यूटी पर जाने के लिए गोल्फ क्लब चौराहे के पास रोड पर खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी बीच किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। कोमल के पिता राम दर्शन मिश्रा खेती किसानी करते हैं। मां मीरा देवी हैं। पांच भाई बहनों में कोमल दूसरे नंबर पर थीं। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। (संवाद)