अमेठी सिटी। लाभांश बढ़ाने की मांग लेकर चल रही कोटेदारों की हड़ताल स्थगित हो गई है। बुधवार से 765 कोटे की दुकानों पर उपभोक्ताओं को राशन वितरण शुरू हो गया। 27 जनवरी तक 3.45 लाख उपभोक्ताओं को निशुल्क राशन वितरित होगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत जिले के 70368 अंत्योदय व 2,75,312 लाख पात्र गृहस्थी उपभोक्ताओं को 765 कोटे की दुकान से निशुल्क राशन मिलता है। कोटेदार 200 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन व 20 हजार रुपए प्रति माह का मानदेय देने की मांग को लेकर एक जनवरी से हड़ताल पर थे। बीते मंगलवार को संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मिले आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई।
कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि राशन वितरण शुरू कर दिया गया है। डीएसओ नीलेश उत्पल ने बताया कि 27 जनवरी तक शतप्रतिशत उपभोक्ताओं को निशुल्क नियमानुसार राशन वितरित कराया जाएगा।