मोहनगंज थाने में पकड़े गए अपहरण के आरोपी।
तिलोई। शाहमऊ से दिनदहाड़े अपहृत मो. अंसार को पुलिस ने सोमवार को कौशांबी में सकुशल बरामद कर लिया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पीछा कर रही पुलिस की चार टीमों ने दारानगर फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर खड़ी काली स्विफ्ट कार को घेर लिया। कार से चीखने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मियों ने तलाशी ली तो पिछली सीट पर अंसार दो लोगों के बीच बंधक मिला। उसके हाथ गमछे से बंधे थे और चेहरे पर मास्क लगा था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पांच अन्य की तलाश जारी है।
क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मोहनगंज प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कड़ाधाम क्षेत्र में कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रयागराज के कामरान उर्फ चांद, रूमी अहमद और आतिफ के रूप में हुई है। कार की डिग्गी से बांस का डंडा मिला। अपहरण में इस्तेमाल स्विफ्ट कार, गमछा और मास्क भी बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। अर्टिगा कार और पांच अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह था मामला: रविवार सुबह 11:45 बजे जायस-मोहनगंज मार्ग पर शाहमऊ कस्बे से अंसार का अपहरण किया गया था। पिता निसार अहमद की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। अंसार का कामरान से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद था।
मोहनगंज थाने में पकड़े गए अपहरण के आरोपी।