अमेठी सिटी। आचार संहिता लागू होने के बाद सोमवार को डीएम निशा अनंत ने बैंकर्स के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। बैठक में डीएम ने कड़े शब्दों में अफसरों को निर्देशित किया कि चुनाव लड़ रहे किसी प्रत्याशी, उसके पति, पत्नी या किसी करीबी के बैंक खाते से एक लाख रुपये से अधिक लेनदेन होता है तो उसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही 10 लाख से अधिक किसी खाते से निकासी होने पर इसकी सूचना आयकर विभाग को देने को कहा है।
जिन खातों में पूर्व के दो महीनों में एक लाख से अधिक रुपये जमा न किए गए हों और अब ऐसा किया जा रहा हो तो ऐसे मामलों में भी पैनी नजर रखें। डीएम ने कहा कि जहां भी यह संदेह हो कि नकद राशि का प्रयोग निर्वाचकों के रिश्वत देने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है तो इसकी सूचना उड़न दस्ता टीम को दी जाएगी। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, एडीएम न्यायिक दिनेश मिश्रा, वरिष्ठ कोषाधिकारी रामेंद्र कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मोहम्मद असलम, प्रतीक्षा पांडेय, अमित सिंह, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक गणेश यादव सहित बैंकर्स मौजूद रहे।