अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैकों पर गर्मी में ट्रेनों का परिचालन समय से नहीं हो पा रहा है। ट्रेनों के विलंब से संचालित होने से यात्रियों को प्रतीक्षा करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को वाराणसी से चलकर दिल्ली जाने वाली अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के यात्रियों को साढ़े तीन घंटा प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करनी पड़ी। ट्रेन अपने निर्धारित समय शाम के 4:46 के बजाए 8:15 बजे गौरीगंज पहुंची। ट्रेन पहुंचने के बाद प्लेटफार्म संख्या दो पर खुले आसमान में नीचे प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों की जान से जान आई। ट्रेन से सवार हो कर यात्री गंतव्य को रवाना हुए। संभुई गांव निवासी रामकृपाल ने बताया कि चार बजे स्टेशन पहुंच गए। दिल्ली परिवार समेत जाना था। इंतजार करने में प्लेटफार्म पर पेयजल व बेंच नहीं होने से परेशानी हुई। यही हाल राधीपुर निवासी श्यामकरन, शिवमिलन समेत अन्य यात्रियों को रहा। इतना लखनऊ व रायबरेली से प्रतिदिन अप व डाउन कर नौकरी करने वाली सरकारी कर्मियों को घर पहुंचने में विलंब हुआ। इसके अतिरिक्त भोपाल-प्रतापगढ़, अमृतसर-हावड़ा, जम्मूतवी-राजेंद्रनगर व लोकमान्य तिलक-प्रतापगढ उद्योग नगरी भी दो घंटा विलंब से पहुंची। अन्य ट्रेन भी 30 से 50 मिनट विलंब से गौरीगंज पहुंच रवाना हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह अप काशी विश्वनाथ समेत अन्य ट्रेनों के सोमवार को विलंब से संचालित होने की पुष्टि की है।