कलेक्ट्रेट सभाागर में आयोजित उद्योगबंधु की बैठक के बाद व्यापारियों को सम्मानित करतीं डीएम।
अमेठी सिटी। जिले में उद्योग स्थापना व व्यापार को प्रोत्साहित करते हुए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट में डीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु, श्रम बंधु, व्यापार बंधु व औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम व एमओयू क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। डीएम ने उद्यमियों की समस्या सुनने के बाद निस्तारण का निर्देश देते हुए लोकसभा चुनाव में सहयोग करने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया।
डीएम निशा अनंत ने निवेश मित्र पोर्टल पर निर्धारित समय के बाद लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना की समीक्षा की और निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति करने को कहा। निवेशकों के एमओयू के क्रियान्वयन और उन्हें धरातल पर उतारने की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापना में किसी भी उद्यमी को किसी भी विभाग से समस्या आ रही हो तो समिति को अवगत कराएं, ताकि निस्तारण हो सके।
बैठक में व्यापारियों ने स्थानीय स्तर पर कैंप लगाकर योजनाओं का प्रचार प्रसार करने, जगदीशपुर चौराहे पर स्पीड ब्रेकर, सिंबल स्ट्रिप बनवाने समेत अन्य मांग उठाई। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र दिनेश कुमार चौरसिया ने गत बैठक की कार्यवाही की जानकारी दी। बैठक में लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में व्यापार मंडलों की ओर से सहयोग किए जाने पर डीएम ने अध्यक्ष अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, अध्यक्ष भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, अध्यक्ष लघु उद्योग भारतीय, अध्यक्ष आईआईए अमेठी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र मिश्र, एलडीएम गणेश यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी व उद्यमी उपस्थित रहे।