अमेठी सिटी। वाराणसी से दिल्ली जाने वाली अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 20 घंटे देरी से दूसरे दिन सोमवार को दोपहर गौरीगंज पहुंची। आनंद विहार से दानापुर जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस का इससे भी बुरा हाल रहा। यह ट्रेन 22 घंटे विलंब से रही। वहीं, अप जनसाधारण एक्सप्रेस 24 घंटे बाद भी दानापुर से रवाना नहीं हो सकी थी।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक के दोहरीकरण व विद्युतीकरण के बाद भी ट्रेनों का परिचालन सुचारु नहीं हो पा रहा है। रविवार को वाराणसी से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर गौरीगंज में शाम 5:01 बजे पहुंचकर दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सोमवार दोपहर 12:47 बजे गौरीगंज पहुंची। इस ट्रेन के यात्रियों को पूरी रात प्लेटफार्म पर गुजारनी पड़ी। दानापुर से शाम 4:00 बजे रवाना होकर रात में 22:55 गौरीगंज पहुंचकर आनंद विहार जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस दूसरे दिन गौरीगंज नहीं पहुंची।
आनंद विहार से दानापुर जाने वाली डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस दूसरे दिन 22 घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची। ट्रेनों के बिगड़े परिचालन से दिल्ली के यात्रियों को सर्वाधिक परेशानी हो रही है। जनसाधारण एक्सप्रेस से गौरीगंज स्टेशन पहुंचे हरिनारायण व रामानंद ने बताया कि सोमवार को भतीजे की बरात जानी है। ट्रेन के विलंब से हल्दी रस्म में नहीं पहुंच पाए। इतना ही नहीं मालदा टाउन दो घंटे, अर्चना एक्सप्रेस व पंजाब मेल डेढ़ घंटे देरी से गौरीगंज पहुंचकर गंतव्य को रवाना हुईं।
इसके अतिरिक्त अन्य ट्रेनें भी एक घंटे से अधिक विलंब से रहीं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अप व डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व जनसाधारण एक्सप्रेस को छोड़कर अन्य ट्रेनें मामूली विलंब से संचालित हुई हैं। ट्रेनों के आगमन की जानकारी समय-समय पर प्रसारित की जा रही है।