गौरीगंज में ट्रेन का इंतजार करते यात्री
अमेठी सिटी। बंद चल रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन काे रेलवे विभाग ने मंगलवार को फिर से संचालित करा दिया। ट्रेन का संचालन जंघई में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से इस रूट पर रोक दिया गया था। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए विभाग ने यह कदम उठाया है।
वाराणसी-दिल्ली के बीच प्रतिदिन संचालित काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में आरक्षित व साधारण टिकट पर जिले के अमेठी, गौरीगंज व जायस स्टेशन से लोग दिल्ली, लखनऊ व वाराणसी सहित अन्य स्टेशनों की यात्रा करते हैं। जंघई में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग के कारण रेलवे ने काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन निरस्त कर दिया था।
दिल्ली के लिए पद्मावत एक्सप्रेस का सहारा मिला, लेकिन वाराणसी के लिए एक भी ट्रेन नहीं होने से परेशानी हो रही थी। विभाग ने मंगलवार से अप व डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन बहाल कर दिया। फिलहाल मंगलवार को अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम 5:01 बजे के बजाय साढ़े तीन घंटे देरी से गौरीगंज पहुंचकर रवाना हुई।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन बहाल हो गया है। अपरिहार्य कारण से अप की ट्रेन साढ़े तीन घंटा देरी से पहुंच दिल्ली के लिए रवाना हुई।