गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर संचालित काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस शनिवार को अचानक निरस्त कर दी गई। ट्रेन निरस्त होने के बाद स्टेशन पहुंचे यात्रियों में हड़कंप मचा गया। बुकिंग अवधि समाप्त होने के बाद आरक्षित टिकट निरस्त कराने के लिए यात्रियों को 13 किलो मीटर दूर अमेठी स्टेशन पर जाना पड़ा। विभाग की ओर से संभावित कोहरे को देखते हुए सप्ताह में तीन दिन अप व तीन दिन डाउन काशी विश्वनाथ को 28 फरवरी तक निरस्त किया गया है।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन के साथ वाराणसी से दिल्ली के बीच पड़ने वाले स्टेशनों के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ट्रैक की लोकप्रिय ट्रेन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन विभाग ने शनिवार को अचानक निरस्त कर दिया। ट्रेन निरस्त होने के बाद आरक्षित टिकट पर विभिन्न स्टेशनों की यात्रा करने पहुंचे यात्रियों में हड़कंप मचा गया। ट्रेन निरस्त होने की सूचना पर बुकिंग काउंटर पर भीड़ उमड़ पड़ी। आरक्षण अवधि समाप्त होने के बाद टिकट निरस्त कराने को लेकर स्टेशन मास्टर व यात्रियों के बीच जमकर तकरार भी हुई। इसके बाद अधिकांश यात्री टिकट निरस्त कराने अमेठी रेलवे स्टेशन गए।
स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन निरस्त होने से अधिकांश यात्री या तो निजी वाहन से गंतव्य को रवाना हुए या फिर अपनी यात्रा स्थगित कर दी। इतना ही नहीं विभाग ने संभावित कोहरे व धुंध को देखते हुए दिल्ली से चलकर वाराणसी जाने वाले डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को सोमवार, बुधवार व शुक्रवार तो वाराणसी से दिल्ली जाने वाली अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को 28 फरवरी तक निरस्त कर दिया है। ट्रेन निरस्त होने के बाद यात्रियों को वाराणसी, प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, मुरादाबाद, गाजियाबाद तथा दिल्ली की यात्रा करने में असुविधा का सामना करना पड़ेगा तो विभाग को भी आर्थिक क्षति उठानी पड़ेगी। स्टेशन अधीक्षक बाबूलाल मीना ने शनिवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के निरस्त होने के साथ ही 28 फरवरी तक सप्ताह में तीन दिन अप व तीन दिन डाउन में निरस्त होने की पुष्टि की है। कहा कि निरस्त अवधि में ट्रेन में आरक्षित टिकटों की बुकिंग बंद कर दी गई है। पहले से आरक्षित टिकट काउंटर से निरस्त किए जा रहे हैं।