अमेठी सिटी। गर्मी के मौसम में भी ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं हो रही है। शुक्रवार रात 10:26 बजे आने वाली दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से गौरीगंज आई। इसके अतिरिक्त अन्य ट्रेनों का भी परिचालन शनिवार को विलंब से हुआ, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर प्रतिदिन संचालित दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से लोग वाराणसी संग दिल्ली की यात्रा करते हैं। गर्मी के मौसम में इस ट्रेन का परिचालन प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह रही कि दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से वाराणसी की यात्रा करने शुक्रवार रात गौरीगंज स्टेशन पहुंचे यात्रियों को गर्मी में प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करनी पड़ी।
इसके अतिरिक्त प्रतापगढ़ की तरफ जाने वाली योगनगरी एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस एक-एक घंटे तो पंजाब मेल और जनता एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से संचालित हुई। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से ट्रेनें विलंब से संचालित हुईं।