अमेठी सिटी। अगर आपको काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस या जनसाधारण एक्सप्रेस से दिल्ली की यात्रा करनी है तो घर से निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर कर लें। अन्यथा पूरी रात प्लेटफार्म पर बितानी पड़ सकती है। हालत यह है कि ये दोनों ट्रेनें 23 घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं। शनिवार की रात गौरीगंज पहुंचने वाली डाउन काशी विश्वनाथ और अप व डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस दूसरे दिन रविवार की शाम गौरीगंज पहुंची। सर्वाधिक परेशानी रविवार को अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को हुई। ट्रेन कब आएगी, इसकी अधिकृत जानकारी ही यात्रियों को नहीं मिल पा रही है।
शनिवार को दिल्ली से रवाना होकर रात 11:26 बजे गौरीगंज पहुंचने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस रविवार रात 10:17 बजे स्टेशन पर पहुंची। इस ट्रेन के विलंब का असर रविवार को वाराणसी से दोपहर 1.30 बजे चलकर शाम 5:01 बजे गौरीगंज पहुंचने वाली वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पर भी पड़ा है। इस ट्रेन के आगमन की जानकारी को लेकर यात्री परेशान रहे। विभाग भी यात्रियों को सही जानकारी देने की स्थिति में नहीं था। जनसाधारण एक्सप्रेस भी शनिवार रात के बजाए 23 घंटे की देरी से दूसरे दिन रविवार को रात 10:01 बजे गौरीगंज पहुंची।
वहीं, दिल्ली से दानापुर जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस 21 घंटे देरी से दूसरे दिन रविवार को रात 08:12 बजे गौरीगंज पहुंची। ऐसे में रविवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले अधिकांश यात्रियों ने अपना आरक्षित टिकट निरस्त करवा कर जनसाधारण एक्सप्रेस से यात्रा की। परिवार के संग दिल्ली की यात्रा करने गौरीगंज स्टेशन पहुंचे संतोष कुमार, प्रणव कुमार ने बताया कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से टिकट बुक करवाया था। ट्रेन कब आएगी, यह पता ही नहीं चल रहा है।
शनिवार रात आने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस के देरी से संचालित होने की जानकारी के बाद अब उस ट्रेन से यात्रा करेंगे। इसके साथ ही हावड़ा-लालकुआं, मालदा टाउन-आनंद विहार व पद्मावत एक्सप्रेस दो घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि रविवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से दिल्ली की यात्रा करने वाले पांच यात्रियों ने आरक्षित टिकट निरस्त करवाए हैं। अपरिहार्य कारणों से इन दिनों अप व डाउन वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और जनसाधारण एक्सप्रेस विलंब से संचालित हो रही हैं।