फुरसतगंज (अमेठी)। सहकारी संघ परिसर में मंगलवार को दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर की स्वर्ण जयंती वर्षगांठ के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली। अयोध्या से पधारे विद्वानों ने मुख्य यजमान विजय अग्रवाल से कलश, गौरी-गणेश और रामचरितमानस का पूजन कराकर यात्रा का शुभारंभ कराया।
50 वर्ष पूर्व मंदिर की स्थापना के समय मुख्य यजमान रहे विपिन बिहारी अग्रवाल भी कलश यात्रा में शामिल हुए और नंगे पांव चलते युवाओं का उत्साहवर्धन करते रहे। काशी से पधारीं प्रवाचक आराधना देवी रथ पर विराजमान थीं। सिर पर आस्था का कलश लिए सैकड़ों श्रद्धालु धूप से तपती सड़कों पर निकले तो नगरवासियों ने पानी डालकर उन्हें राहत पहुंचाई।
गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर से निकलकर वहाबगंज होते हुए रामलीला मैदान स्थित हनुमान दल परिसर पहुंची, जहां भक्तों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ स्वागत किया। स्वर्ण जयंती समारोह समिति की तरफ से कई सदस्यों को राम नामी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान गुलाब कौशल, पवन , प्रदीप जैन, हनुमान दल रामलीला कमेटी अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, रामयश, नगर पालिका अध्यक्ष मनीषा सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।