अमेठी ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते सांसद किशोरी लाल शर्मा।-संवाद
अमेठी। माघ मेले में जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ हुई घटना पर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि धार्मिक सम्मान के मामलों में न्याय सुनिश्चित होना चाहिए। वह बृहस्पतिवार को एक दिवसीय दौरे पर आए थे। अमेठी ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन और संगोष्ठी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने ये बात कही।
सांसद ने कहा कि अमेठी के विकास के लिए उन्हें चाहे किसी भी नेता या मंत्री के दरवाजे पर जाना पड़े, वे पीछे नहीं हटेंगे। अमेठी का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। गांधी परिवार हमेशा अमेठी के भले और विकास के लिए काम करता रहा है।
उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता ने उन्हें सांसद चुनकर जो सम्मान दिया, उसके लिए वे जीवनभर ऋणी रहेंगे। पूर्वांचल को राज्य बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि सरकार उनकी है, जो चाहें करें। इसके साथ ही माघ मेले में साधु-संतों पर हो रहे अन्याय और अनुचित व्यवहार पर भी उन्होंने चिंता जताई।
सांसद ने जोर देकर कहा कि चाहे प्रदेश में भाजपा की सरकार हो या केंद्र में, अमेठी के विकास और जनता के हितों के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अमेठी ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष बृजेंद्र शुक्ल ने कहा कि गांधी परिवार ने अमेठी को विकास का नया आयाम दिया है। इस मौके पर डॉ. देवमणि तिवारी, आशीष शुक्ल, विनोद मिश्र, धर्मेंद्र शुक्ल, बृजेश मिश्र, बृजेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, राजीव सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने सांसद का स्वागत किया।