अमेठी सिटी। ठंड के मौसम में दिल्ली की यात्रा करना इन दिनों किसी चुनौती से कम नहीं है। आलम यह है कि नियमित व स्पेशल ट्रेनों का भी विलंब से परिचालन हो रहा है। बृहस्पतिवार को जयनगर-दिल्ली स्पेशल 14 घंटे और अप व डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस चार घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची। जनसाधारण सहित कई अन्य ट्रेनें भी विलंब से संचालित हुईं। ऐसे में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर जयनगर से दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन संचालित की जा रही है। बृहस्पतिवार को सुबह 6:52 बजे अमेठी आने वाली जयनगर स्पेशल ट्रेन 14 घंटे देरी 8:42 बजे पहुंची। इस ट्रेन से आरक्षित टिकट पर दिल्ली की यात्रा करने आए यात्रियों को पूरे दिन प्लेटफार्म पर ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ी। इसके साथ ही वाराणसी-दिल्ली अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी बृहस्पतिवार को अपने निर्धारित समय 5:10 बजे के बजाय चार घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची। इस ट्रेन के भी यात्रियों को ठंड में प्रतीक्षा करनी पड़ी।
इसके साथ ही डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी चार घंटे लेट रही। अप व डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस, योगनगरी एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल व अर्चना एक्सप्रेस भी देरी से संचालित हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का परिचालन विलंब से हुआ। यात्रियों को प्रतीक्षालय में बैठने की व्यवस्था करते हुए समय-समय पर ट्रेन से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।