अमेठी सिटी। गौरीगंज से दिल्ली की यात्रा करने वाले लोग इन दिनों ट्रेनों के विलंब से संचालित होने से परेशान हैं। अधिकतर ट्रेनें देर से संचालित हो रही हैं। रविवार को जयनगर-दिल्ली स्पेशल सहित कई ट्रेनों का विलंब से संचालन हुआ।
जयनगर से दिल्ली के बीच संचालित स्पेशल ट्रेन से दिल्ली की यात्रा के लिए अमेठी रेलवे स्टेशन पहुंचे रामराज कुशवाहा, धनीराम व रामकरन ने बताया कि सुबह छह बजे स्टेशन पहुंच गए। स्टेशन पहुंचने पर पता चला कि ट्रेन 10 घंटे देरी से चल रही है। अब प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। इसी ट्रेन से यात्रा करने वाले संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि सोचा था कि शाम तक दिल्ली पहुंच जाएंगे। सोमवार को ड्यूटी कर लेंगे, लेकिन अब छुट्टी लेनी पड़ेगी।
वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे देरी से गौरीगंज आई। इसी तरह आनंद विहार से दानापुर के बीच संचालित जनसाधारण एक्सप्रेस भी शनिवार रात 22:55 बजे आने के बजाय रविवार शाम 8:28 बजे गौरीगंज आई। रविवार को सर्वाधिक परेशानी लखनऊ-प्रयागराज के बीच संचालित पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों को हुई। पैसेंजर ट्रेन तीन घंटे देरी दोपहर 12:14 बजे गौरीगंज आई।
इस ट्रेन से प्रयागराज संगम दर्शन करने की इच्छा से परिवार संग गौरीगंज रेलवे स्टेशन आए सुधीर शर्मा, कर्ण कुमार ने बताया कि सोचा था कि समय से पहुंच जाएंगे, तो शाम को इसी ट्रेन से वापस हो जाएंगे। अब सोमवार की सुबह योगनगरी से वापसी करनी होगी। इसके अतिरिक्त अप व डाउन जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल व नीलांचल एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें भी एक घंटे से अधिक देरी से संचालित हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन में विलंब हुआ है।