अमेठी सिटी। कोहरे व धुंध का असर लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर संचालित ट्रेनों पर पड़ रहा है। शनिवार को अप व डाउन वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस निरस्त रही, जबकि अन्य ट्रेनों का संचालन एक से चार घंटे की देरी से हुआ। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस शनिवार को निरस्त रही। ट्रेन निरस्त होने से वाराणसी, लखनऊ, मुरादाबाद, हरिद्वार व देहरादून की यात्रा करने वाले यात्री परेशान रहे। हरिद्वार भ्रमण के लिए पहले से टिकट बुक कराने वाले गोलू यादव गौरीगंज स्टेशन पहुंचे, जहां ट्रेन निरस्त होने की जानकारी मिली। इसके बाद यात्रियों को टिकट निरस्त कर यात्रा स्थगित करनी पड़ी। इसी तरह देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस भी निरस्त रही। योगनगरी एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ, आगरा–कोलकाता एक्सप्रेस दो घंटे, जनसाधारण एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची।
हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल अपने निर्धारित समय 12:31 बजे के बजाय चार घंटे की देरी से 04:39 बजे आई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है।