अमेठी सिटी। मौसम साफ होने के बाद भी रेल यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है। सोमवार को अप व डाउन वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनें निरस्त रहीं। इसके साथ ही अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल सहित अन्य ट्रेनों का विलंब से परिचालन हुआ। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक के दोहरीकरण के बाद भी ट्रेनों की चाल सुधर नहीं रही है।
सोमवार को अप व डाउन वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस, जम्मूतवी-राजेंद्रनगर अर्चना एक्सप्रेस, दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस निरस्त रही। अप जनता एक्सप्रेस के निरस्त होने से लखनऊ, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, हरिद्वार व देहरादून सहित अन्य स्टेशन के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हरिद्वार व देहरादून के यात्रियों को यात्रा स्थगित करनी पड़ी तो अन्य यात्री हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल से भीड़ के बीच गंतव्य को रवाना हुए। इसके अतिरिक्त वाराणसी सहित अन्य स्टेशन के यात्रियों को भी डाउन जनता एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस व मालदा टाउन एक्सप्रेस के निरस्त होने से परेशान होना पड़ा।
सोमवार को अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल पांच घंटे तो पद्मावत एक्सप्रेस ढाई घंटे, लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर दो घंटे देरी से गौरीगंज आई। इसके अतिरिक्त अन्य ट्रेनें भी देरी से संचालित हुईं। ट्रेनों के निरस्त होने व विलंब से संचालित होने से यात्रियों को परेशानी हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का परिचालन विलंब से हुआ। अप जनता एक्सप्रेस और डाउन जनता एक्सप्रेस व अर्चना एक्सप्रेस व मालदा टाउन एक्सप्रेस पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार निरस्त थीं। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए समय-समय पर जानकारी दी जा रही है।