अमेठी सिटी। ठंड और घने कोहरे ने रेल संचालन को प्रभावित कर दिया है। सोमवार को अप व डाउन वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस और आनंद विहार-मालदा टाउन एक्सप्रेस निरस्त रही। इसके अलावा लंबी दूरी की कई ट्रेनें घंटों देरी से गौरीगंज स्टेशन पहुंचीं। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
वाराणसी से लखनऊ, मुरादाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून जाने वाली तथा वहां से लौटने वाली जनता एक्सप्रेस सोमवार को निरस्त रही। इस ट्रेन से गौरीगंज से यात्रा करने वाले करीब 20 यात्रियों ने अपने कन्फर्म टिकट निरस्त कराए। आनंद विहार-मालदा टाउन एक्सप्रेस के निरस्त रहने से भी यात्रियों को रेलवे स्टेशन से मायूस होकर घर लौटना पड़ा।
कोहरे के असर से दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस चार घंटे और आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस छह घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची। भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस और उद्योगनगरी एक्सप्रेस एक-एक घंटे विलंब से आई। अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल दो घंटे देरी से पहुंची। इसी तरह पुरी-दिल्ली नीलांचल एक्सप्रेस दो घंटे और हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल चार घंटे देरी से गौरीगंज आई।
वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी तीन घंटे देरी से पहुंची। लगातार हो रही देरी से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। उन्हें घंटों रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अप व डाउन जनता एक्सप्रेस और मालदा टाउन एक्सप्रेस पूर्व निर्धारित आदेश के तहत निरस्त रही। कोहरे के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। यात्रियों को उद्घोषणा और सूचना बोर्ड के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति से अवगत कराया जा रहा है।