अमेठी सिटी। हर घर जल योजना के तहत जल निगम के गैर जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों ने करोड़ों की लागत से बनी सड़क खोद डाली। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी दर्ज कराई है। ग्रामीणों की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग भी हरकत में आ गया है।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के प्रयास से तिलोई सिंहपुर सड़क मार्ग निर्माण को मंजूरी मिली थी। 12 किमी लंबी सड़क करीब साढ़े बारह करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुई। ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों बाद यह मार्ग चलने लायक बन सका था।
शुक्रवार को फूला गांव के पास जल निगम के अधिकारियों व ठेकेदारों ने मिलकर पाइप डालने के लिए जेसीबी से सड़क की खोदाई शुरू कर दी। इस पर ग्रामीण भड़क गए। गांव निवासी भाजपा नेता प्रवेश कुमार शुक्ला सहित कई लोगों ने शिकायत की।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता दिलीप कुमार गंगवार ने बताया कि जल निगम की इस लापरवाही को लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। उन्होंने मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।