अमेठी सिटी। गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में चोरी करने के बाद दो नाबालिग लड़कों को ग्रामीणों ने पकड़ कर पिटाई करने से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नाबालिग रोते-गिड़गिड़ाते दिखाई दे रहे हैं। फिर भी दबंग युवक उसे पीट रहे हैं।
गौरीगंज पुलिस ने गोदाम मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर तीन नाबालिग लड़कों को निगरानी में बृहस्पतिवार को ही लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया। वायरल वीडियो की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता।
जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के सुजानपुर गांव निवासी अशोक अग्रहरि की गल्ले की दुकान से गत दिनों तीन नाबालिग गोदाम में घुसकर गेहूं चोरी कर रहे थे।
इन्हें दुकान मालिक के साथ ग्रामीणों ने पकड़ लिया। नाबालिगों के साथ मारपीट कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। मामले में गोदाम मालिक की शिकायत पर पुलिस ने तीन नाबालिगों को निगरानी में लेकर कार्रवाई की थी।
शुक्रवार को इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो नाबालिग गिड़गिड़ाते दिख रहे हैं। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मामले में तीनों नाबालिग को निगरानी में लेकर कोर्ट में प्रस्तुत कर बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। वीडियो उनके संज्ञान में आया है। जांच कर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।