फुरसतगंज। जायस कस्बे के घोसियाना मोहल्ले के इसरार अहमद (35) की बृहस्पतिवार को सऊदी अरब में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। देर रात सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घरवालों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से शव लाने का आग्रह किया है।
बकरीदी ने बताया कि पांच महीने पहले उनका बेटा इसरार नौकरी करने सऊदी अरब गया था। वह अलहसा स्थित अलसैफ कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम कर रहा था। मंगलवार शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। आखिरी बातचीत में इसरार ने पत्नी सलमा को बताया था कि गले में तेज दर्द है और हालत खराब है। बृहस्पतिवार को कंपनी से जुड़े एक व्यक्ति ने परिजनों को इसरार के निधन की सूचना दी।
इसी खबर मिलते ही परिजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सांसद किशोरीलाल शर्मा और जिला प्रशासन से संपर्क करने में जुटे हैं। परिजन दूतावास से भी लगातार बात करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि प्रक्रिया आगे बढ़ सके। रिश्तेदार मोहम्मद अरसद ने कहा कि इसरार मेहनत से घर का खर्च चलाते थे। उनकी अचानक मौत ने बच्चों से सहारा छीन लिया है।
इसरार की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी सलमा बदहवास हालत में बिलख रही हैं। बेटा असद और बेटी फलक गम में डूबे हैं। पिता बकरीदी, भाई मुमताज, मुस्ताक, अशफाक और बहनों शहरु, बच्ची, साईना का भी रो-रोकर बुरा हाल है।