भादर। लखनऊ स्थित महानगर पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल रामपाल पांडेय (58) की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल के पीपरपुर के नरहरपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह करीब आठ बजे परिजनों के पास फोन आया कि ड्यूटी के दौरान रामपाल के सीने में तेज दर्द उठा। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
पीपरपुर के नरहरपुर निवासी रामपाल पांडेय लखनऊ में महानगर पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। मौजूदा समय में उनकी ड्यूटी निरालानगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में लगी थी। इससे पहले वह मंत्री दयाशंकर सिंह की सुरक्षा में तैनात थे। परिवार रायबरेली में रहता है। उनका गांव में पारिवारिक कार्यक्रमों में ही आना होता था।
घर में पत्नी ज्ञाना पांडेय के अलावा तीन बेटे नीरज, अमित और शैलेंद्र हैं। नीरज अधिवक्ता हैं, जबकि अमित और शैलेंद्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बेटी मधु की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार टूट गया है। ग्रामीणों ने बताया कि रामपाल शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और गांव में सभी से सौहार्दपूर्ण संबंध रखते थे। निधन की जानकारी मिलते ही गांव के कई लोग रायबरेली और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। पीपरपुर पुलिस ने हेड कांस्टेबल के निधन पर शोक व्यक्त किया है।