जायस (अमेठी)। नगर पालिका परिषद बोर्ड की पहली बैठक बृहस्पतिवार को हुई। इसमें शहर के विकास को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही 25 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता मनीषा चौहान ने की।
कहा कि नगर वासियों को पेयजल की बेहतर सुविधा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पानी की टंकी का निर्माण करवाकर पेयजल की समस्या से निजात दिलवाया जाएगा। पालीटेक्निक कॉलेज को लेकर प्रयास किया जाएगा। शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
अधिशासी अधिकारी रवींद्र मोहन ने बताया कि कस्बे के विकास की गति को और तेज किया जाएगा। परिसीमन में पालिका में शामिल किए गए नए गांवों के विकास को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। पांच करोड़ रुपये से जलापूर्ति व्यवस्था,सात करोड़ से सड़कों का निर्माण व पांच करोड़ से मार्ग प्रकाश की व्यवस्था पटरी पर लाई जाएगी। इसको लेकर रणनीति बनाई गई है। बैठक में खुशबू, रुखसाना बानो, नीलम, संजीदा बेगम, सरस्वती नंदन, राम प्रकाश, बंसीलाल सोनकर, अशोक कुमार मौर्या व धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।