सिंहपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से बीईओ सिंहपुर और बीआरसी कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के खिलाफ की गई शिकायत की जांच अब अयोध्या मंडल के एडी बेसिक करेंगे। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 15 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
संघ के अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला, मंत्री संजय पांडेय और सचिव सिद्धार्थ द्विवेदी ने 29 मई को मुख्यमंत्री, महानिदेशक स्कूल शिक्षा समेत अन्य अधिकारियों को 16 सूत्री शिकायत भेजी थी। इसमें बीईओ हरिओम तिवारी तथा बीआरसी कार्यालय में तैनात कार्यालय सहायकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई थी।
मामले में बीएसए संजय तिवारी ने प्रारंभिक जांच के लिए बीईओ बहादुरपुर राकेश सचान और बीईओ तिलोई राम किशुन कश्यप को नामित किया था। जांच पूरी होने तक कार्यालय में तैनात आलोक शुक्ला को बाजारशुक्ल तथा चंद्रशेखर द्विवेदी को बीआरसी जगदीशपुर से संबद्ध कर दिया गया। दोनों जांच अधिकारियों ने बीईओ हरिओम तिवारी को समकक्ष अधिकारी बताते हुए किसी उच्च अधिकारी से जांच कराने की संस्तुति की थी। इसके बाद महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने जांच एडी बेसिक अयोध्या मंडल को सौंप दी।
उधर शिक्षक संघ के अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला ने बताया कि एडी बेसिक कार्यालय ने 29 जून को सुनवाई के लिए बुलाया था, लेकिन सूचना विलंब से मिलने के कारण वह निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने पत्र भेजकर सुनवाई के लिए नई तिथि तय करने और समय से सूचना उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।