इंटरलाॅकिंग के लिए प्रस्तावित बाबूपुर-इंटर कॉलेज मार्ग। -संवाद
अमेठी सिटी। गौरीगंज के बाबूपुर स्थित निजी इंटर कॉलेज के बच्चों की दुश्वारियां जल्द दूर होंगी। कॉलेज जाने वाले कच्चे मार्ग पर 72 लाख रुपये से इंटरलॉकिंग के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।
जिला पंचायत की ओर से 15वें वित्त आयोग की धनराशि से गौरीगंज के बाबूपुर स्थित गैस प्लांट से अशोक सिंह इंटर कॉलेज तक सड़क के इंटरलॉकिंग के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 72 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। तीन माह में प्रस्तावित इंटरलॉकिंग कार्य पूरा करने की दिशा में जिला पंचायत जुटा है।
अब तक मार्ग कच्चा होने से बरसात व अन्य मौसम में विद्यार्थियों के अलावा अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। अपर मुख्य अधिकारी नरेंद्र बहादुर ने बताया कि नामित ठेकेदार को काम शुरू करने का आदेश जारी होगा गया है। समय-समय पर मार्ग निर्माण के गुणवत्ता का परीक्षण भी करवाया जाएगा।