तिलोई (अमेठी)। थाना क्षेत्र मोहनगंज में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक हाइड्रा मशीन से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। दोनों को सीएचसी ले जाया गया जहां एक युवक की मौत हो गई। घायल युवक को रायबरेली के एम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के पाकरगांव निवासी कुलदीप दीक्षित उर्फ दीपू (35) परिवार के ही भास्कर दीक्षित (26) के साथ मंगलवार रात बाइक से शंकरगंज जा रहे थे। रास्ते में रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर राजामऊ स्थित नहर पर निर्माणाधीन पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर हाइड्रा मशीन से टकरा गई।
हादसे में दोनों घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को सीएचसी तिलोई पहुंचाया जहां चिकित्सक ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद भास्कर की नाजुक हालत को देखते हुए रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया।
कुलदीप खेती-बाड़ी करते थे। उनकी मौत से पत्नी अंशू सहित अन्य परिजन बेसुध हैं। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने हेलमेट पहना था।