अमेठी सिटी। गौरीगंज पुलिस व स्वाट टीम ने सोमवार को अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का भंडाभोड़ किया। पकड़े गए सात आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 22 बाइक बरामद की है। आरोपियों में छह अमेठी जिले के तो एक बाराबंकी का रहने वाला है। सभी पर पहले भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में गंभीर मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन
गौरीगंज पुलिस, स्वाट व सर्विलांस की संयुक्त टीम कई दिनों से बाइक चोरों की तलाश में जुटी थी। इस बीच रविवार देर रात टिकरिया चौराहे के पास टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध तीन बाइक सवार चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बाइक चोरी करने की बात स्वीकारते हुए टिकरिया स्थित बंद फैक्टरी में अन्य बाइक रखने की जानकारी दी। टीम चारों को लेकर फैक्टरी के पास पहुंची। वहां पहले से मौजूद तीन युवकों को भी टीम ने पकड़ लिया। बंद फैक्टरी से पुलिस को 19 और बाइकें बरामद हुईं, जिन्हें उन्होंने लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर व अयोध्या जिले से चोरी करने की बात स्वीकारी।
सोमवार को एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि आरोपी गिरोह बनाकर बाइक चोरी को अंजाम देते थे। कबाड़ी के माध्यम से बाइक को खोलकर उसके पुर्जे अलग-अलग करके बेच देते थे। बाइक चोर गिरोह का भंडाभोड़ करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की भी घोषणा की।
इनकी हुई गिरफ्तारी
अमेठी निवासी जुनैद, मोईन खान, अरमान, रफीक, सुरजीत कुमार, मोहम्मद पट्टन और बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र के मदीना मस्जिद निवासी मुशर्रफ खान।