गौरीगंज (अमेठी)। अपराधियों व आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी के निर्देश पर शनिवार रात जिले भर में होटल, ढाबा, रेलवे व बस स्टेशनों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अफसरों ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ करते हुए उनकी तलाशी भी ली। ढाबा संचालकों को दिशा-निर्देश भी दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग इन दिनों जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कई अभियान संचालित करा रही हैं। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पूरे जिले में हर रोज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एसपी के निर्देश पर शनिवार रात जिले में संचालित होटल, ढाबा, रेलवे व बस स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सभी थानाध्यक्षों ने अपने क्षेत्र में संचालित सभी होटल व ढाबों पर पहुंचकर वहां तलाशी ली। इस दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई। रेलवे व बस स्टेशनों पर संदिग्ध लोगों से पूछताछ करते हुए कइयों की तलाशी ली गई।
होटल व ढाबा संचालकों को आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को आश्रय न देने, मादक पदार्थों की बिक्री न करने तथा ऐसे लोगों को आए दिन होटल व ढाबे पर आने की दशा में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करने को कहा गया। एसपी ने बताया कि रात में अपराधों को अंजाम देने वाले ऐसे स्थलों पर जरूर जाते हैं। कहा कि ऐसे अभियान से कभी-कभी बड़े अपराधी हाथ लग जाते हैं। कहा कि ऐसे अभियान जिले में संचालित होते रहेंगे।