अमेठी सिटी। गौरीगंज के पचेहरी स्थित फायर स्टेशन सभागार में बृहस्पतिवार को एसपी ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारियों की शिकायतों की सुनवाई करते हुए निस्तारित करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने व्यापारियों से दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने व्यापारियों से जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की और समस्याओं की जानकारी ली। व्यापारियों ने कहा कि बाजारों में रात में गश्त तेज किए जाने की बहुत ही जरूरत है। सर्दी का मौसम है। ऐसे में अराजक तत्व भी सक्रिय होंगे, जो किसी भी घटना को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे में पुलिस की सक्रियता ज्यादा हो जाने से चोरों को अपने मंसूबों में कामयाब होने से रोका जा सकता है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष समीर कुरैशी ने कहा कि व्यापारी अर्थव्यवस्था को बेहतर कर रहे हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। सुरक्षित यातायात के लिए व्यापार मंडल की ओर से भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके बाद एसपी ने सराफा व्यापारी, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, भट्ठा मालिकों से कहा कि सभी लोग अपने माध्यम से जो गार्ड व चौकीदार रखते हैं, उनका पुलिस सत्यापन जरूर कराएं।
उन्होंने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सराफा व्यापारियों को सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया। बाजारों व दुकानों में होने वाली भीड़ से सुरक्षा के लिए इसे अनिवार्य बताया। जिन व्यापारियों के फायर सुरक्षा उपकरण कार्यशील नहीं हैं, उसको दुरुस्त कराने, जिनके पास नहीं हैं उनको लगवाने तथा साइबर अपराध के बारे में जागरूक किया। व्यापारियों ने एसपी को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एएसपी हरेंद्र कुमार सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।