गौरीगंज (अमेठी)। थाना क्षेत्र बाजार शुकुल के काजीपुर गांव निवासी रीता देवी ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर थाने के उपनिरीक्षक बुद्धिलाल रावत सहित कई विरोधियों पर केस दर्ज करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने न्यायालय से कहा है कि 25 जनवरी 2023 को वह अपने घर के बरामदे में खाना पका रही थी। इसी बीच गांव के संजय व दिनेश कई लोगों के साथ घर के बाहर क्रिकेट खेल रहे थे। उनकी गेंद कई बार उनके घर में आकर गिरी तब उन्होंने कहीं और जाकर खेलने को कहा।
वह लोग नहीं माने और गेंद आकर उनके धुले हुए चावल में गिरी। विरोध करने पर वे लोग एक राय होकर लाठी डंडा लेकर घर मं घुस गए और उनकी पिटाई कर दी। थाने में जाने पर मौजूद दरोगा बुद्धिलाल ने कार्रवाई करने के बजाए डांटकर भगा दिया कि तुम्हारे खिलाफ ही मुकदमा लिख दूंगा। पुलिस में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित महिला ने दरोग समेत सभी आरोपियों पर केस दर्ज कराने की मांग की है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सपना त्रिपाठी ने सुनवाई के लिए 20 मई की तिथि नियत की है। (संवाद)