गौरीगंज (अमेठी)। लंबित मांगे पूरी कराने के लिए संघर्षरत संयुक्त मोर्चा का सब्र बृहस्पतिवार को जवाब दे गया। संगठन के बैनर तले कर्मियों ने शहर में जुलूस निकाल प्रदर्शन करने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंच मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया।
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बृहस्पतिवार को गौरीगंज ब्लॉक परिसर में सफाई कर्मी एकत्र हुए। एकत्र सफाई कर्मियों ने लंबित मांगों के साथ कर्मियों की परेशानी पर चर्चा करते हुए निस्तारण की रणनीति तैयार की। बैठक के दौरान नई पेंशन स्कीम को छलावा बताते हुए कहा कि शेयर बाजार पर आधारित पेंशन कर्मियों के बुढ़ापे में सिर्फ उन्हें निराश करेगी।
पुरानी पेंशन बंद होने से कर्मी टेंशन में है तो उनका बुढ़ापे का सहारा छीना गया है। कहा कि नई पेंशन स्कीम में कम मात्रा में पेंशन मिलने से जीवन यापन होना असंभव है। इसके अतिरिक्त कर्मियों की अन्य परेशानी व अफसरों के शोषण की निंदा करते हुए नियमानुसार कार्य निष्पादित करने की बात कही।
बैठक के बाद जुलूस की शक्ल में निकले कर्मी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया। ज्ञापन में नवीन पेंशन स्कीम समाप्त करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, शतप्रतिशत कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना से लाभांवित करने समेत कर्मियों की अन्य समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की है।
ज्ञापन में लंबित मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इस मौके पर अंकुर बरनवाल, सुनील कुमार मौर्या, पीयूष तिवारी व रविकांत गुप्ता आदि मौजूद रहे।