अमेठी। रणवीरनगर मजरे जंगल रामनगर गांव में शुक्रवार शाम पानी भरे गड्ढे में गिरने से धीरज सिंह के पुत्र रौनक सिंह (3) की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धीरज सिंह ने बताया कि उनका पुत्र रौनक शाम को घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर के पास लगे नल के करीब पहुंच गया, जहां गड्ढे में पानी भरा था। इसी दौरान वह गड्ढे में गिर गया। काफी देर तक बच्चा दिखाई न देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद परिजन गड्ढे के पास पहुंचे तो रौनक पानी में पड़ा मिला।
आननफानन उसे निजी क्लीनिक के यहां ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर श्रीराम पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। खेलते समय मासूम डूबा है। परिजनों का कोई आरोप नहीं है। परिजन पोस्टमॉर्टम कराने को तैयार नहीं हैं।