अमेठी सिटी। मुशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के दौरान हुई बच्चे की मौत गंभीर संक्रमण के कारण हुई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देखने के बाद टीम ने जांच की गति बढ़ा दी है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गांव मड़ौली निवासी फूलचंद्र के दो वर्षीय पुत्र अयांश की संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को हुई मौत मामले की जांच सोमवार को तेज हो गई। सूत्रों की मानें तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अयांश की मौत गंभीर बीमारी, फेफड़ों में पानी होने, लिवर में सूजन के साथ ही इन्फेक्शन से होने की बात सामने आई।
रिपोर्ट मिलने के बाद टीम ने पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों का बयान दर्ज करने के साथ वीडियो रिकाॅर्डिंग के जरिए पूरे पोस्टमॉर्टम की जांच की। जांच के बाद टीम संजय गांधी अस्पताल पहुंची जहां उसने अयांश के भर्ती होने के समय मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों का बयान दर्ज करने के साथ ही दवाओं व उपचार से जुड़ी जानकारी लेने के बाद कई दस्तावेजों का भी परीक्षण किया। फिलहाल जांच टीम कुछ भी बोलने से बच रही है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि निष्पक्ष जांच हो रही है। रिपोर्ट सार्वजनिक करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।