अमेठी में तीज पर्व को लेकर मेंहदी लगवाती महिलाएं।-संवाद
अमेठी सिटी। अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिन महिलाएं मंगलवार को हरितालिका तीज का व्रत रखेंगी। पर्व को लेकर अमेठी, गौरीगंज, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, जायस, रामगंज सहित अन्य प्रमुख बाजारों में सोमवार को खरीदारों की भीड़ जुटी रही। महिलाएं नए वस्त्र, आभूषण, चूड़ियां, बिंदी, शृंगार सामग्री और पूजा सामग्री खरीदने में व्यस्त रहीं।
बाजारों में महंगाई का असर दिखने के बावजूद उत्साह कम नहीं हुआ। महिलाओं ने अपने बजट के अनुसार परिधान और आभूषण खरीदे। हरे, लाल और पीले रंग के कपड़े व चूड़ियां सबसे अधिक पसंद की गईं। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार 500 से 12 हजार रुपये तक की साड़ियों की बिक्री हुई है। बनारसी सिल्क और फैंसी डिजाइन की साड़ियों की मांग बढ़ी है। सूट 400 से 7000 रुपये तक उपलब्ध हैं।
चूड़ियों की कीमत 50 से 2000 रुपये तक है। सराफा व्यवसायी आकाश सोनी ने बताया कि हल्की चेन, बिछिया, पायल और छोटे गहनों की बिक्री बढ़ रही है। आभूषण कारोबारी रामजी सोनी का कहना है कि महिलाएं हल्के वजन के जेवर अधिक पसंद कर रही हैं। कॉस्मेटिक और ब्यूटी पार्लर में भीड़ बढ़ गई है। संचालकों का कहना है कि सजने-संवरने के लिए पहले से बुकिंग कराई जा रही है। खरीदारी के लिए बाजार पहुंचीं जानकी देवी और सुनीता सिंह ने बताया कि महंगाई के बाद भी पर्व की तैयारी पूरी करनी होती है। उनका विश्वास है कि मां पार्वती और भगवान शंकर की पूजा से अखंड सौभाग्य की कामना पूरी होगी।
मेहंदी का विशेष महत्व
सुहागिनों के शृंगार में मेहंदी का विशेष स्थान है। मान्यता है कि माता पार्वती ने तप के समय हाथों में मेहंदी रचाई थी, तभी से इसे शुभ माना जाता है। महिलाएं तीज से एक दिन पूर्व हाथों में मेहंदी लगवाती हैं और पूजन के समय सोलह शृंगार करती हैं।