औद्योगिक क्षेत्र त्रिसुंडी का मुख्य प्रवेश द्वार।
जगदीशपुर (अमेठी)। औद्योगिक क्षेत्र त्रिसुंडी को आधुनिक स्वरूप देने की कवायद तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने यहां 18.58 करोड़ रुपये से विकास के लिए विस्तृत योजना बनाई है। निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्यदायी संस्था को नामित कर निर्धारित समय पर काम करने की तैयारियां की जा रही हैं।
यूपीसीडा जगदीशपुर निर्माण खंड-छह के सिविल प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि 1737.73 लाख रुपये की लागत से 105 एकड़ भू-भाग का विकास प्रस्तावित है। इसमें करीब चार किमी लंबी सड़क बनाई जाएगी। जलनिकासी के लिए सात किमी से अधिक लंबी नाली का निर्माण होगा। इस क्षेत्र में 100 से अधिक भूखंड तैयार कर उद्यमियों को उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे निवेश बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये से ट्रक की पार्किंग बनाई जाएगी। इसके साथ 20 लाख रुपये से आधुनिक सार्वजनिक प्रसाधन का निर्माण भी कराया जाएगा। निविदा पूरी कर कार्य का जिम्मा लकी ट्रेडर्स को सौंपा गया है। संस्था को निर्देशित किया गया है कि सभी कार्य इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण किए जाएं।
यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर महेश्वरी ने बताया कि प्रदेश में औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। त्रिसुंडी औद्योगिक क्षेत्र का विकास पूरा होने के बाद यहां निवेशक कंपनियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी। उद्यमियों को सड़क, पार्किंग और जल निकासी की गुणवत्तापूर्ण सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्रीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।