अमेठी सिटी। जिले के औद्योगिक क्षेत्रों को रोशनी से जगमगाने के लिए धनराशि जारी की गई है। जिले के औद्योगिक क्षेत्र त्रिशुंडी, कौहार व जगदीशपुर में इसके लिए कार्य शुरू किया जाना है। जिसमें अंधेरे स्थानों को सबसे पहले कवर करने की योजना है। औद्योगिक जिला अमेठी में स्थित औद्योगिक क्षेत्रों में अंधेरे की समस्या का स्थायी हल निकालने के लिए कार्य किया जाएगा। जिले के औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर में रोड नंबर-छह पर विभिन्न अंधेरे स्थानों को कवर करने के लिए पोल व स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 79,66,577 रुपये जारी किए गए हैं।
औद्योगिक क्षेत्र त्रिशुंडी व कौहार में स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट के वार्षिक मेंटीनेंस के लिए 27,71,608 रुपये की व्यवस्था की गई है। धनराशि जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम, कानपुर को कार्यदाई संस्था नामित किया है।
निगम की ओर से टेंडर आमंत्रित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।
क्यूआर कोड स्कैन कर होगी शिकायत
औद्योगिक क्षेत्रों में लगाई जा रही स्ट्रीट लाइट के खंभे में नीचे क्यूआर कोड अंकित किया जाएगा। जिसमें संबंधित लाइट का नंबर व संपूर्ण विवरण दर्ज रहेगा।
लाइट खराब होने पर क्यूआर कोड स्कैन करने पर इसकी शिकायत हो जाएगी। संविदा फर्म मौके पर पहुंचकर लाइट ठीक करने का कार्य करेगी। यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक अजय यादव ने बताया कि संबंधित फर्म से तीन साल के लिए अनुबंध किया जाएगा। जिसके आधार पर स्ट्रीट लाइट आदि का वार्षिक मेंटीनेंस का कार्य होगा।