जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंडोरामा पब्लिक स्कूल में चल रही चार दिवसीय अंतर विद्यालयी टेनिस बाल क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन शनिवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में इंडोरामा ए और बी टीम ने जीत दर्ज की।
पहला मैच सेमीफाइनल मुकाबला था, जिसे इंडोरामा ए टीम और मनारुल उलूम पब्लिक स्कूल रुकुनपुर के बीच खेला गया। इंडोरामा ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 112 रन बनाए। जवाब में मनारुल उलूम के सभी खिलाड़ी 13वें ओवर में ही आउट हो गए। इंडोरामा ए के धैर्य साहू प्लेयर ऑफ द मैच बने। दूसरा मैच इंडोरामा की बी टीम और धनपाला मेमोरियल स्कूल मियागंज इन्हौना के बीच हुआ। धनपाला की टीम 76 रन बनाकर आउट हो गई।
जवाब में इंडोरामा बी ने सात विकेट से मैच जीत दूसरे सेमीफाइनल के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। इंडोरामा बी टीम के अनिमेश शुक्ला प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किए गए। इस दौरान उर्वरक इकाई के मानव संस्थान विकास मनोज झा, प्रधानाचार्य स्नेहाशीष मुखर्जी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।