अमेठी सिटी। जिले के दो प्रमुख राजकीय इंटर कॉलेजों में अब शिक्षा के साथ खेलकूद में विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। जीआईसी टीकरमाफी और जीजीआईसी सोनारीकला में इंडोर मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे, जहां छात्रों को बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल सहित 17 खेलों के अभ्यास और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
37 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पंजीकृत लगभग 52 हजार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से इंडोर मिनी स्टेडियम निर्माण योजना तैयार की गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने दोनों कॉलेजों में प्रति कॉलेज 4.92 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। प्रत्येक कॉलेज को पहली किस्त के रूप में 2.16 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है।
निर्माण उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के माध्यम से कराया जाएगा। स्टेडियम का निर्माण 1838 वर्ग मीटर भूमि पर किया जाएगा, जिसमें मल्टीपरपज हॉल, चेंजिंग रूम, टॉयलेट ब्लॉक और अतिरिक्त हॉल की व्यवस्था होगी। इससे विद्यार्थियों को न सिर्फ खेल का अवसर मिलेगा, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। इनमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉस्केटबॉल, वॉलीबॉल, शूटिंग, बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, एक्रोबेट, हैंडबॉल, जूडो कराटे, कबड्डी, नेटबॉल, ताइक्वांडो और वेटलिफ्टिंग आदि की सुविधाएं मिलेंगी।