अमेठी सिटी। जीआईसी टीकरमाफी और जीजीआईसी सोनारीकला में इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू होगा। इसके लिए प्रति कॉलेज 4.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और पहली किस्त जारी कर दी गई है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की पहल पर जिले के 37 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 52 हजार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके तहत 17 विभिन्न खेलों के लिए स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं होंगी। प्रत्येक कॉलेज में लगभग 4.92 करोड़ रुपये की लागत से यह निर्माण उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के माध्यम से कराया जाएगा।
शासन ने दोनों कॉलेजों को पहली किस्त जारी कर दी है। यह इंडोर स्टेडियम 1838 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित होंगे, जिसमें मल्टीपरपज हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, चेंजिंग रूम और अतिरिक्त हॉल की व्यवस्था रहेगी। छात्र बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉस्केटबॉल, वॉलीबॉल, शूटिंग, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, कबड्डी सहित कुल 17 खेलों का अभ्यास कर सकेंगे।
डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण से विद्यार्थियों को खेल में उत्कृष्टता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी। यह कदम शिक्षा के साथ खेल के महत्व को बढ़ाने वाला साबित होगा।