अमेठी सिटी। आरक्षण के समर्थन में विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर शक्ति प्रदर्शन किया। बुधवार की सुबह जिला मुख्यालय गौरीगंज के जामो रोड पर एकत्र कार्यकर्ताओं ने जुलूस निसालकर शहर में भ्रमण किया।
बसपा के सदस्य कान्हा मैरिज लॉन के पास एकत्र हुए। संगठन ने अलग-अलग ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम भेजा है। संगठनों ने मांग की है कि क्रीमी लेयर व जातीय वर्गीकरण की कोशिश बंद की जाए। हालांकि भारत बंद जिले में लगभग बेअसर दिखा। रोज की तरह लोगों ने अपनी दुकानें खोलीं। शहर में जुलूस व शक्ति प्रदर्शन के चलते आम दिनों की मुकाबले ज्यादा भीड़ दिखाई पड़ी।
बसपा जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि आरक्षण को पहले की तरह देने की मांग की गई है। इस मौके पर सभासद अवध नारायन मौर्या, राम अभिलाख बौद्ध, लोक सभा प्रत्याशी नन्हे सिंह चौहान, विजय गौतम, लक्ष्मण प्रसाद वर्मा आदि मौजूद रहे।
इन संगठनों ने की भागीदारी
मुख्य रूप से बहुजन समाज पार्टी, भीम आर्मी, आंबेडकर सेवा समिति, आजाद समाज पार्टी, भारतीय बौद्ध महासभा, आंबेडकर कल्याण समिति, आम नागरिक सुरक्षा सेना, एससी एसटी ओबीसी जनगणना व आरक्षण बचाओ अभियान, एससीएसटी शिक्षक संघ, आंबेडकर जन कल्याण समिति, भारतीय बुद्धिष्ट सोसायटी, भीम युवा संगठन, बहुजन सुरक्षा सेना, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी आदि के सदस्य मौजूद रहे।