मुठभेड़ में घायल आरोपी को अस्पताल ले जाती पुलिस
जगदीशपुर (अमेठी)। प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम की बुधवार भोर क्षेत्र के उरवा जंगल में पशु तस्करों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी करते ही पशु तस्करों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक पशु तस्कर घायल हो गया। कुछ पुलिस कर्मी भी बालबाल बच गए। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने जख्मी तस्कर सहित चार आरोपियों को दबोचा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
जगदीशपुर थाने के निहालगढ़ चक जंगला के यादव मोहल्ला निवासी मोहनलाल यादव के दरवाजे पर बंधा पालतू पशु सोमवार की रात संदिग्ध हालात में गायब हो गया था। खोजबीन के दौरान मंगलवार को गांव के पश्चिम मोहल्ला स्थित मोहम्मद जकी के खाली पड़े खेत में उसके क्षत-विक्षत अवशेष मिले। जिसका कुछ हिस्सा खेत व कुछ सरपत की ओट में था।
मवेशी की पहचान के बाद मोहनलाल ने केस दर्ज करवाया था। बुधवार भोर में पुलिस को उरवा के जंगल में पशु तस्करों के मौजूद होने की खबर मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम से घिरता देख आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की तो एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। भागने की कोशिश में पुलिस ने घायल तस्कर सहित तीन आरोपियों को दबोचा लिया। पुलिस टीम ने वारदात में शामिल एक व्यक्ति को जायस तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिधियावां निवासी मो. अकमल, निहालगढ़ निवासी रईस व मजीद, कमरौली थाने के पूरे बेलखरिया मजरा गुमानीगंज निवासी अरमान के रूप में हुई। गोली लगने से घायल अकमल का इलाज कराया गया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, दो चापड़, दो चाकू, एक लकड़ी का ठीहा, प्लास्टिक की पन्नी और रस्सी बरामद की है।
आरोपियों ने पुलिस के सामने सोमवार को गायब हुए मवेशी चोरी करने बात कबूली की। सीओ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। चार आरोपी गिरफ्तार किए गए है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।