अमेठी सिटी। जैसे-जैसे दिसंबर के दिन गुजर रहे हैं वैसे-वैसे ठंड भी अपने शबाब पर आ रही है। सर्दी के साथ ही कोहरा भी घना होता जा रहा है लेकिन अलाव अभी तक ठंडे पड़े हैं।
कड़ाके की ठंड में रेलवे स्टेशन, अस्थायी बस स्टॉप, जिला अस्पताल परिसर और सैंठा तिराहे पर अलाव न जलने से यात्रियों, मरीजों और तीमारदारों को कठिनाई झेलनी पड़ रही है। वहीं, जिम्मेदार अधिकारी का कहना है कि अभी ठंड नहीं पड़ रही है।
रविवार रात करीब 9:40 बजे गौरीगंज रेलवे स्टेशन परिसर में ठंड का असर साफ नजर आया। कुछ यात्री वाहनों के अंदर बैठकर ट्रेन का इंतजार करते दिखे। स्टेशन परिसर में कहीं भी अलाव जलता नहीं मिला। बाहर खड़े यात्री पंकज कुमार ने बताया कि कोहरा और ठंड के बीच खुले में प्रतीक्षा करना मुश्किल हो गया है।
वेटिंग हाल में मौजूद कल्पनाथ ने कहा कि जनसाधारण एक्सप्रेस से दिल्ली जाना है, मगर राहत का कोई इंतजाम नजर नहीं आया। बुकिंग काउंटर के पास फर्श पर बैठे अरुण और मनोज कुमार तत्काल टिकट की प्रतीक्षा कर रहे थे। उनका कहना था कि मजबूरी में जमीन पर बैठकर समय काटना पड़ रहा है। स्टेशन के बाहर कुछ लोग रद्दी जलाकर ठंड से बचाव का प्रयास करते दिखे।
रात 10:20 बजे गौरीगंज अस्थायी बस स्टॉप पर अलाव नहीं जल रहा था। चाय की दुकान पर खड़े करुणाशंकर वर्मा ने बताया कि सुल्तानपुर जाने वाली बस का इंतजार है, मगर न बैठने की और न ही ठंड से बचाव की व्यवस्था। दुकानदार ने बताया कि यात्री मजबूरी में दुकानों के पास खड़े रहते हैं।
रात 10:40 बजे सैंठा तिराहे पर भी यही स्थिति दिखी। लोग आसपास की दुकानों में खड़े होकर ठंड से राहत तलाशते रहे। रात 11:10 बजे जिला अस्पताल परिसर के बाहरी हिस्से में भी अलाव नहीं जलता दिखा। इमरजेंसी वार्ड के पास भर्ती मरीजों के साथ आए तीमारदार ठिठुरते नजर आए। रामप्रकाश सिंह और संजीव कुमार ने बताया कि ठंड में अस्पताल परिसर में रात बिताना मुश्किल हो गया है।
सात दिन मौसम का हाल
दिनांक - अधिकतम - न्यूनतम
आठ दिसंबर - 25.5 - 7.0
नौ दिसंबर - 24.0 - 7.5
10 दिसंबर - 23.5 - 7.5
11 दिसंबर - 24.0 - 8.0
12 दिसंबर - 25.5 - 8.5
13 दिसंबर - 24.5 - 8.0
14 दिसंबर - 25.5 - 8.5
अभी नहीं पड़ रही उतनी ठंड
ईओ सुनील कुमार ने बताया कि अभी उतनी ठंड नहीं पड़ रही है। दिन में धूप निकल आती है। रात की बात पूछने पर कहा कि अभी सिर्फ रैनबसेरा छोड़ कही अलाव नहीं जलवाया जा रहा है। ठंड पड़ने पर सभी स्थानों पर अलाव जलवाए जाएंगे।