अमेठी। नगर पंचायत क्षेत्र के कई वार्डों में खराब स्ट्रीट लाइटें लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं। शाम ढलते ही मोहल्लों की गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गंगागंज, कटरा राजा हिम्मत, रायपुर फुलवारी, चाणक्यपुरी, बीआरओ वार्ड और एसडीएम कॉलोनी समेत कई इलाकों में दर्जनों स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। कई जगह बिजली के पोल लगे हैं, लेकिन उनमें लगी एलईडी लाइटें महीनों से बंद हैं। इससे रात के समय गलियों और सड़कों पर पर्याप्त रोशनी नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय निवासी विवेक पांडेय ने बताया कि रात में कई गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। गंगागंज के असलम खान ने कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी खराब लाइटों को नहीं बदला गया। अंधेरे में सांप-बिच्छू और आवारा पशुओं का खतरा बना रहता है। चाणक्यपुरी निवासी विजय सोनी ने बताया कि महिलाओं और बुजुर्गों को रात में घर से निकलने में डर लगता है।
व्यापारी आकाश कसौधन ने कहा कि बाजार क्षेत्र की कुछ स्ट्रीट लाइटें भी खराब हैं, जिससे देर शाम दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में जलभराव और अंधेरा एक साथ होने पर हादसों का खतरा और बढ़ जाएगा। कई जगह सड़कें टूटी हुई हैं, जिन्हें अंधेरे में पहचानना मुश्किल हो जाता है।
नगर पंचायत के ईओ शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि जिन वार्डों में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं उनकी सूची तैयार कराई जा रही है। तकनीकी टीम को निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। खराब एलईडी लाइटों को जल्द बदलकर सभी क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था सुचारू कराई जाएगी।
नियमित निगरानी की हो व्यवस्था
सेवानिवृत्त शिक्षक बजरंग तिवारी ने कहा कि नगर पंचायत को खराब स्ट्रीट लाइटों का सर्वे कराकर तत्काल मरम्मत करानी चाहिए। प्रत्येक वार्ड में नियमित निगरानी व्यवस्था बनाई जाए ताकि खराब होने पर लाइटों को समय से बदला जा सके। पर्याप्त रोशनी रहने से दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।