टीकरमाफी में विसर्जन को लाई गई मां दुर्गा की प्रतिमा।-संवाद
अमेठी सिटी। गौरीगंज के मुसाफिरखाना तिराहा, फलमंडी, नगरवा और चौक बाजार की दुर्गा प्रतिमाओं को बुधवार रात नौ बजे के बाद विसर्जन के लिए ले जाया गया। श्रद्धालुओं ने प्रतिमा पर पुष्प वर्षा करते हुए जयकारे लगाए। देर रात तक प्रतिमाओं के साथ दुर्गा समिति पदाधिकारियों की टीम नगर का भ्रमण करती रही। प्रतिमाओं के साथ चल रहे बैंड-बाजों के बीच प्रतियोगिता के बाद प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए गोमती नदी के आमघाट ले जाया गया।
संग्रामपुर के टीकरमाफी बाजार में बुधवार शाम मालती नदी के तट पर 40 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। टीकरमाफी बाजार में निकली शोभायात्रा में राधा-कृष्ण लीला, शिव तांडव और भरत मिलाप की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा के दौरान स्वामी परमहंस आश्रम गेट पर डीजे कंपटीशन का आयोजन किया गया। इसमें दीपराज अमेठी बनाम मारुति नंदन अयोध्या और दीपराज बनाम चांद के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
शाहगढ़ के छोटाकोट, कसरावां, दीवान का पुरवा, अस्पताल तिराहा, टैक्सी स्टैंड, पुरानी बाजार, हनुमान मंदिर, पलिया, गौतम का पुरवा, दरपीपुर, बीररामपुर, इकसारा, उसमापुर, तरसड़ा, भूसियावां की 20 प्रतिमाएं गुलालपुर ड्रेन के चिलबिली, मोदीघाट और लठहापुर में विसर्जित की गईं। मुंशीगंज के श्री बुढ़ऊ बाबा धाम में 30 से अधिक प्रतिमाएं विसर्जित हुईं। इस दौरान बृजलाल अग्रहरि, शिवपूजन चौरसिया, जिला पंचायत सदस्य धर्मेश, आलोक तिवारी, रजनीश झा आदि मौजूद रहे।