तमंचा सप्लायरों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार रात स्वाट टीम और इन्हौना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जंगल के बीच खंडहर में चल रही अवैध तमंचा फैक्टरी के भंडाफोड़ का दावा किया है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से बड़ी मात्रा में कारतूस और तमंचों के साथ ही उपकरण भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार अवैध शस्त्र फैक्टरी इन्हौना कस्बे से गुजरने वाले गंदा नाला के पास एक खंडहर में संचालित की जा रही थी। स्वाट टीम और इन्हौना पुलिस ने शनिवार देर रात छापा मारा तो मौके से भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के अढ़नपुर गांव निवासी विजय लोहार उर्फ बिजली और कल्लू लोहार तमंचा बनाते हुए पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कई वर्षों से अवैध तमंचों का निर्माण कर सुल्तानपुर, रायबरेली और अंबेडकरनगर में सप्लाई करते थे। मौके से तैयार पांच तमंचे, छह कारतूस, धौंकनी, नाल, ड्रिल मशीन, स्प्रिंग, 26 सपोर्टर, हथौड़ी, रॉड व रेती बरामद किए।
एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई के लिए 10 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे तमंचे किसको सप्लाई करते थे।