फुरसतगंज (अमेठी)। कोर्ट के आदेश पर सोमवार को राजस्व विभाग ने क्षेत्र के नहर कोठी चौराहा मजरे जमालपुर रामपुर में अवैध निर्माण ढहा दिया। राजस्व विभाग के मुताबिक नहर कोठी चौराहा मजरे जमालपुर रामपुर में बनी दुकान व मकान का वाद एसडीएम तिलोई के यहां जगदीश प्रसाद बनाम पवन यादव आदि के नाम से चल रहा था।
सोमवार को तहसीलदार तिलोई अभिषेक यादव राजस्व टीम व थाना प्रभारी फुरसतगंज धीरेंद्र कुमार यादव के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी टीम ने अवैध निर्माण को जेसीबी से ढहा दिया। प्रतिवादी के मौजूद न रहने के कारण एक बंद दुकान को छोड़ दिया गया।
राजस्व विभाग ने एक सप्ताह के भीतर कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए मलबा व बची हुई विवादित भूमि को खाली करने का नोटिस चस्पा किया है। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक अजहर खां, लेखपाल जितेंद्र यादव, कामता प्रसाद, दरोगा विनय सिंह व वादी पक्ष के लोग आदि मौजूद रहे।