अमेठी सिटी। जिले में डीएपी के अभाव में गेहूं की बोआई नहीं कर पा रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार सुबह इफको की 2765 मीट्रिक टन डीएपी की रैक गौरीगंज रेलवे स्टेशन पहुंच गई। संबंधित अधिकारी कर्मचारी खाद को इफको केंद्रों व साधन सहकारी समितियों को भेजने की कवायद में लगे हैं।
जिले में पिछले 11 नवंबर को इफको की रैक आई थी, जिसमें 1361 एमटी डीएपी व एनपीके शामिल थी। इफको केंद्रों व साधन सहकारी समितियों पर इसका वितरण किया गया था। आसपास के जिलों से आई खाद बांटने के बाद भी किसानों की जरूरत पूरी नहीं हो पाई थी। जिला मुख्यालय स्थित इफको केंद्र, साधन सहकारी समिति माधवपुर, अमेठी इफको केंद्र सहित अन्य साधन सहकारी समितियों से डीएपी नदारद होने से किसान खाद के लिए इफको केंद्रों व साधन सहकारी समितियों के चक्कर लगा रहे थे।
शनिवार सुबह डीएपी की रैक गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर आ जाने से संकट दूर होने के आसार हैं। शनिवार सुबह से ही जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, इफको क्षेत्रीय प्रबंधक शिशुपाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी रैक पॉइंट पर मौजूद रहकर केंद्रों व समितियों पर डीएपी भिजवाने की कवायद में लगे दिखाई पड़े।
डीएपी नहीं मिलने से रुकी गेहूं की बोआई
गौरीगंज स्थित इफको केंद्र पर आईं सुमन ने बताया कि खेत तैयार है। खाद नहीं मिलने से बोआई रुकी है। अभी जानकारी मिली कि केंद्र पर डीएपी आ रही है। आज केंद्र पर डीएपी नहीं मिली तो मजबूरन बाजार में खरीदनी पड़ेगी। अंजली ने बताया कि इफको केंद्र व समिति पर चक्कर काट रही हैं। खाद के अभाव में गेहूं की बोआई नहीं हो पा रही है। दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि जहां खाद है, वहां लंबी कतार लगी हुई है। कतार में लगने के बावजूद डीएपी नहीं मिल पा रही है। शनिवार को जानकारी मिली कि डीएपी आ गई है। इसलिए कतार में लगा हूं। अनिल कुमार शुक्ल ने बताया कि केंद्र पर कई दिनों से डीएपी व एनपीके नहीं है। यूरिया ट्रक से उतर रही है, जबकि अभी डीएपी की आवश्यकता है।
भेजी जा रही खाद
इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक शिशुपाल ने बताया कि जिले में इफको के चार केंद्र, आठ आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र सहित आठ एग्री जंक्शन हैं। इसके अलावा साधन सहकारी समितियां हैं, जहां से खाद का वितरण कराया जा रहा है। 800 एमटी डीएपी इफको केंद्रों व 600 एमटी डीएपी साधन सहकारी समितियों को भेजी जा रही है।
जिले में 3,565 एमटी खाद की उपलब्धता
जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इफको की 2,765 एमटी खाद की रैक गौरीगंज रेलवे स्टेशन आ गई है। वहीं, आसपास के जिलों में आई कोरोमंडल कंपनी व आईपीएल कंपनी की रैक से 800 एमटी डीएपी समितियों में भेजी जा रही है। इफको की रैक आने के बाद जिले में खाद की किल्लत दूर हो जाएगी।