फुरसतगंज (अमेठी)। जायस कस्बे के चौधराना मोहल्ले से लापता हुई बालिका का शव घटना के करीब 27 घंटे बाद तालाब से बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जायस थाना क्षेत्र के चौधराना मोहल्ला निवासी रामभवन सोनकर की आठ वर्षीय पुत्री प्रतिज्ञा शुक्रवार को दोपहर बाद संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश करने के साथ पुलिस को सूचना दी थी। खोजबीन के दौरान मोहल्ले के ही एक तालाब के किनारे बालिका की चप्पल मिली थी, जिससे लोग उसके डूबने की आशंका जता रहे थे। पुलिस ने इन्हीं आशंकाओं के चलते गोताखोरों के जरिए उसकी तलाश शुरू कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। साथ ही कस्बे में भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए थे।
शनिवार को पुलिस ने अयोध्या से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम से मदद मांगी। दोपहर बाद पहुंची एसडीआरएफ ने तालाब से बालिका के शव को ढूंढ निकाला। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी एसओ शस्त्रजीत प्रसाद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सबकी दुलारी थी प्रतिज्ञा
तालाब से शव मिलने के बाद प्रतिज्ञा की मां अरसा बिलख कर रो रही हैं। मां की करुण वेदना से हर किसी की आंख नम हो गई। सबसे छोटी होने से प्रतिज्ञा पिता रामभवन सोनकर व मां अरसा सहित पूरे परिवार की दुलारी थी। तीन बड़ी बहन व एक बड़ा भाई भी प्रतिज्ञा की मौत से गमगीन है। मोहल्ले के लोग भी प्रतिज्ञा की मीठी बोली के कायल थे। प्रतिज्ञा की मौत से हर कोई गमगीन है।