गौरीगंज स्थित जिला अस्पताल में कार्यक्रम को संबोधित करते प्रभारी मंत्री।
- फोटो : गौरीगंज स्थित जिला अस्पताल में कार्यक्रम को संबोधित करते प्रभारी मंत्री।
अमेठी सिटी। जब नारी स्वस्थ रहेगी, तभी परिवार सशक्त रहेगा। देश में नारी को प्राथमिकता देने के लिए सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन के साथ अन्य कार्य कर रही है। ये बातें बुधवार को जिला अस्पताल गौरीगंज में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दो अक्तूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ करते हुए राज्य मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कही।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत हम सभी परिवारों के घरों तक पहुंचेंगे। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं व बालिकाओं की विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराने के साथ बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक भी किया जाएगा। कहा कि आज स्वास्थ्य सेवाएं पहले से बेहतर हुई हैं। राज्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मिल रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं में काफी सुधार होने से लोगों को इलाज में सुविधा मिल रही है। डीएम संजय चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से योजनाओं को धरातल पर पहुंचाया जा रहा है। कहा कि एक परिवार को सबसे अच्छा स्वास्थ्य महिलाएं देती हैं। अमेठी में लगभग 80 फीसदी ग्रामीण परिवेश में लोग रहते हैं, ऐसी स्थिति में जब महिलाएं स्वस्थ होगी तो निश्चित ही आगे बढ़ेंगी और अपने परिवार को मजबूती प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम को एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह आदि ने भी संबोधित किया। इसके साथ ही भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विषुव मिश्र की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में पांच लोगों ने रक्तदान किया। प्रभारी मंत्री ने भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनसे स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वहीं 17 सितंबर से 16 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले आठवें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा सभी सीएचसी, पीएचसी पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीडीओ सूरज पटेल, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।